भागलपुर, दिसंबर 24 -- बिहार में भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च मार्ग -80 पर बीती रात एक हाईवा ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के आमापुर गांव के पास कल रात दो दोस्त कुछ सामान की खरीददारी के लिए मोटरसाइकिल से कहलगांव जा रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार से आये एक हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और हाईवा उनको कुचलते हुए आगे बढ़ गई।
सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाईवा को जब्त कर लिया है। मृत युवकों की पहचान प्रीतम कुमार (22) वर्ष एवं दुर्गेश कुमार (19) वर्ष के रुप में हुई है।दोनों मृतक पास के ताड़र गांव के रहने वाले थे।
सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने हाईवा के चालक के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। इस दुर्घटना के बाद सड़क दुघर्टना अधिनियम के तहत दोनों मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित