भागलपुर , अप्रैल 12 -- बिहार में भागलपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और नशीली टैबलेट के साथ पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज बताया कि कहलगांव थाना क्षेत्र के शिव - पार्वती नगर इलाके में एक व्यक्ति के घर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक के निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कहलगांव -वन एवं स्थानीय थानाध्यक्ष की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने रविवार को उक्त इलाके में एक घर में छापेमारी कर चार अपराधियों को रंगेहाथ दबोच लिया है।

श्री यादव ने बताया कि इस दौरान मौके से 58.028 ग्राम ब्राउन शुगर (डिबिया सहित), 270पीस नशीली टैबलेट, दो मोबाइल फोन,आठ सौ रुपए नगद छह वजन नापने की मशीन और एक टीन बॉक्स बरामद किया गया है। वहीं पकड़े गए अपराधियों की पहचान सोनू कुमार,मुन्ना कुमार, गोविन्द कुमार, एवं राजा कुमार के रुप में हुई है। सभी चारो अपराधी शिव-पार्वती इलाके के रहने वाले हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसी तरह बबरगंज क्षेत्र के महेशपुर गांव के हरिजन टोला में जिला पुलिस एवं डीआईयू की विशेष टीम ने एक ठिकाने पर छापेमारी कर एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 313.25 ग्राम ब्राउन शुगर, दो वजन मशीन,दो चाकू और 13 हजार 300 रुपए नगदी बरामद किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए अपराधी की पहचान अभिषेक कुमार के रुप में हुई है। दोनों मामलों में गिरफ्तार पांचों अपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित