भागलपुर, फरवरी 01 -- बिहार में भागलपुर जिले के अंतीचक थाना क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूब रही तीन लडकियों में से दो को राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) टीम ने बचा लिया, जबकि एक लापता है।

कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी(एसडीपीओ) कृष्ण चन्द्र गुप्ता ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के बटेश्वर स्थान घाट पर गंगा में स्नान कर रही तीन लड़कियां अचानक गहरे पानी में जाने से डूब रही थीं। वहां पास में स्नान कर रहे लोगों के शोर मचाने पर मौके पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर दो लड़कियों को सुरक्षित बचा लिया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान एसडीआरएफ की टीम को डूबी अन्य एक लड़की नहीं मिल पाई है। टीम के सदस्य लगातार उसकी खोजबीन में लगे हुए है। इधर बचाई गई दोनों लड़कियों की प्रारंभिक चिकित्सा के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। तीनों लड़कियां मधेपुरा जिले की रहने वाली है और माघी पूर्णिमा के मौके पर अपने परिजनों के साथ गंगा में स्नान करने आई थी।

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस हादसे के मद्देनजर गंगा घाट पर स्नानार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी वहां पर कैंप किए हुए हैं। वहीं गंगानदी में एसडीआरएफ की टीम की चौकसी बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित