भागलपुर, मार्च 29 -- बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो बच्चियों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के मोतीचक गांव के समीप एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के साथ आये कुछ बच्चे वहां पर खेल रहे थे। इस दौरान दो बच्चियां अचानक फिसलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर गयी। वहां पर मौजूद लोगों ने दोनों बच्चियों को गड्ढे से बाहर निकाला और सुल्तानगंज के रेफ़रल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि मृत बच्चियों की पहचान उदय मांझी की पुत्री गुलाबो कुमारी (04) एवं मुनी लाल सदा कीपुत्री बासो कुमारी (05) के रुप में की गयी है। दोनों शिवनंदनपुर गांव के मुसहरी टोला की रहने वाली थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित