भागलपुर , फरवरी 12 -- पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने गुरूवार को बताया कि बिहार एवं झारखंड स्थित भागलपुर -दुमका और रामपुरहाट - दुमका रेलमार्ग का दोहरीकरण शीघ्र किया जाएगा।
श्री देउस्कर ने आज भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि दोनों रेलखंडों के दोहरीकरण के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा रही है और जल्द से जल्द निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोहरीकरण होने के बाद इस रेलखंडों पर सभी ट्रेनों का परिचालन सुचारु रुप से होगा और यात्रियों को नई ट्रेनों की सौगात भी मिलेगी।
श्री देउस्कर ने बताया कि इस रेलमंडल में भागलपुर से जमालपुर तक तीसरी लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए प्रारंभिक कार्य जल्द शुरु किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीसरी लाइन के चालू होने से भागलपुर - किऊल मुख्य रेलमार्ग पर यात्री ट्रेनों के दबाव में कमी आने के साथ साथ मालवाहक ट्रेनों का परिचालन निर्बाध रुप से हो पाएगा।
महाप्रबंधक ने बताया कि मालदा मंडल के भागलपुर -दुमका, दुमका -रामपुरहाट, बांका- भागलपुर, साहेबगंज- भागलपुर और जमालपुर - भागलपुर रेल मार्ग पर सभी ट्रेनों का परिचालन बेहतर तरीके से हो रहा है। इन रेल मार्गो के रखरखाव में सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा गया है।उन्होंने बताया कि मालदा रेलमंडल के साहेबगंज, जमालपुर, गोड्डा, देवघर और मालदा स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में लगातार वृद्धि की जा रही है। खासकर, भागलपुर स्टेशन के सौंदर्यीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि जल्द मिलने वाली है। जिससे यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होगी।
श्री देउस्कर ने बताया कि होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे की ओर से बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। वहीं यात्रियों की भीड़ में वृद्धि की संभावना को देखते हुए करीब एक दर्जन अतिरिक्त ट्रेन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, जिससे होली में अपने घर आने वाले यात्रियों को परेशानी नहीं हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित