भागलपुर, जनवरी 31 -- बिहार में भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र से 24 दिन पूर्व लापता हुईं दो छात्राओं को मुंबई से शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि जिले के बबरगंज क्षेत्र के महेशपुर और वारिसलीगंज से आठ जनवरी को दोनों छात्राएं सोनाक्षी कुमारी एवं जिया अचानक लापता हो गई थी। उनके अभिभावकों के द्वारा लापता होने के मामले दर्ज कराने के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के देखरेख में गठित पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) टीम दोनों छात्राओं की बरामदगी के लिए विभिन्न जगहों के सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच पड़ताल कर रही थी।उन्होंने बताया कि दोनों छात्राओं की फोटो सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली और मुंबई पुलिस को भेजी गई थी। इसके अलावा मुंबई के चाइल्ड मिसिंग पोर्टल पर दोनों का फोटो अपलोड किया गया था। इसके बाद एसआईटी टीम दोनों जगहों की पुलिस और मिसिंग पोर्टल से लगातार संपर्क में थी।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया मुंबई पुलिस की ओर से आज सूचना मिली कि लापता छात्राओं को डोंगरी इलाके से सुकशल बरामद कर लिया गया है। इस सूचना पर एसआईटी की टीम उन छात्राओं के अभिभावकों को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो रही है। छात्राओं से बयान लेने के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों मुंबई कैसे पहुंची ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित