भागलपुर , जनवरी 28 -- बिहार में भागलपुर के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ानें की धमकी के मद्देनजर न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बुधवार को यहां बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा भागलपुर व्यवहार न्यायालय के प्रशासनिक प्रभारी को ईमेल के जरिए न्यायालय को बम से उड़ा देने की धमकी मिलने के बाद समूचे न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इसके सभी गेटो पर पुलिस द्वारा मेटल डिटेक्टर से एक एक व्यक्ति की जांच पड़ताल की जा रही है। बम निरोधक दस्ता को बुला लिया गया है।

श्री यादव ने बताया कि जिला न्यायाधीश सहित सभी न्यायधीशों के कक्षो के पास पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा न्यायालय परिसर में संदिग्ध लोगों और वस्तुओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सभी तरह के गाड़ियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर कैंप करते हुए स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि न्यायालय के प्रशासनिक प्रभारी को मिले धमकी वाले ईमेल की जांच कराई जा रही है। वहीं जिले के कहलगांव और नवगछिया में स्थित व्यवहार न्यायालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित