दरभंगा , फरवरी 10 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की घटना पर दुख व्यक्त किया और दोषी को अविलंब फांसी की सजा देने की मांग की है।

भाकपा के राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक रामनरेश पांडे, राष्ट्रीय परिषद सदस्य मिथिलेश झा, एवं राजश्री किरण, पार्टी के जिला सचिव नारायण, सहायक जिला सचिव राजीव कुमार चौधरी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने सोमवार की देर शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

भाकपा नेताओं ने कहा है कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।उन्होंने इस जघन्य अपराध की घोर निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को अविलंब फास्ट ट्रैक अदालत के माध्यम से फांसी की सजा दी जाए, जिससे समाज में एक सख्त संदेश जाए। साथ ही सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने एवं पर्याप्त आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं पुनर्वास की भी मांग की गई।

भाकपा नेताओं ने कहा कि यह प्रशासन की गंभीर विफलता है कि दरभंगा जैसे अपेक्षाकृत शांत क्षेत्र में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी जघन्य वारदातें यह दर्शाती हैं कि जिला प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है।

भाकपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित