नयी दिल्ली , मार्च 07 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने शनिवार को कहा कि समाज में शांति एवं भाईचारे को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
श्री इंद्राज ने आज उत्तम नगर में होली के दौरान हुए एक मामूली विवाद में युवक तरुण की नृशंस हत्या की घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। तरुण एक होनहार, समझदार और उज्ज्वल भविष्य वाला युवक था, जो अपने परिवार के सुनहरे भविष्य की आशा और आधार स्तंभ था। इस दुखद घटना ने परिवार की उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि होली जैसे आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के पर्व को कुछ दोषियों ने अपनी हिंसक मानसिकता से कलंकित करने का दुस्साहस किया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री इंद्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों को उनके किए की कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी और कानून पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और इस मामले में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। दिल्ली सरकार का स्पष्ट संदेश है कि समाज में शांति और भाईचारे को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित