सहरसा , मार्च 13 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि भविष्य में भी बिहार सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी।
श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री श्री कुमार की "समृद्धि यात्रा" के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पिछले बीस वर्षों में राज्य के सभी क्षेत्रों में गुणात्मक बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क और बिजली की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे राज्य में आम लोगों का जीवन आसान हुआ है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, "भविष्य में भी बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सरकार मुख्यमंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन में काम करती रहेगी। उन्होंने यह बात इस संदर्भ में कही कि श्री कुमार ने संसद के उच्च सदन राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है और इसके चलते मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। बिहार से राज्यसभा की पाँच सीटों के लिए चुनाव 16 मार्च को होने वाला है।
श्री चौधरी ने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे , तब बिहार का बजट 6,000 करोड़ रुपये का था। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने जब 2005 में राज्य की कमान संभाली, तब प्रदेश का बजट 23,000 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार के लगातार प्रयासों से बिहार का बजट अब बढ़कर 3,47,000 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि 2005 में केवल 17 लाख घरों में बिजली कनेक्शन था, जो अब बढ़कर 2.16 करोड़ हो गया है। अब हर घर को बिजली कनेक्शन दिया जा चुका है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब से नीतीश कुमार सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना शुरू किया है, पिछले सात महीनों में 87 प्रतिशत घरों के बिजली बिल शून्य हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) शासनकाल में बिहार की अर्थव्यवस्था में महिलाओं का योगदान केवल 4,000 से 6,000 करोड़ रुपये के बीच था, जो अब बढ़कर 1,26,000 करोड़ रुपये हो गया है।
श्री चौधरी ने कहा कि जिस समय झारखंड, बिहार से अलग हुआ था, तब बिहार की कुल आय का 87 प्रतिशत हिस्सा नये प्रदेश में चला गया था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदृष्टि के कारण बिहार आर्थिक रूप से सक्षम राज्य बना और तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित