नैनीताल , फरवरी 08 -- उत्तराखंड के भवाली में 17 साल की नाबालिग युवती के साथ यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रविवार को वृहद सत्यापन अभियान चलाया और 21 लोगों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी के अनुसार पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ0 जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश मेहरा के नेतृत्व में भवाली में वृहद सत्यापन अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि आज वार्ड नंबर 02, 03, 04 स्थित रेहड़, गांधी कॉलोनी, टमट्यूड़ा क्षेत्र में पुलिस और पीएसी टीमों द्वारा कुल 51 मकानों में रह रहे 199 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन की जांच की गई। सत्यापन अपूर्ण पाए जाने पर 21 लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भवाली में एक युवती के गर्भवती होने का मामला सामने आया था। विशेष समुदाय के युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस घटना के बाद जनता में आक्रोश फैल गया था। साथ ही लोगों ने बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित