नैनीताल , फरवरी 05 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली में नाबालिग के गर्भवती होने और इस मामले में दूसरे धर्म के युवक का नाम सामने आने के बाद गुरुवार को लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग भवाली कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यही नहीं आरोपी के घर को ध्वस्त करने की भी माँग की गयी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस का कोई खौफ नहीं है। दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। कस्बे में इस खबर के फैलने के साथ विशेष समुदाय के दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान आनन फानन में बंद कर दिए।भाजपा के पूर्व जिला मंत्री प्रकाश आर्य ने इस मामले में आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि भवाली की डेमोग्राफी में तेजी से बदलाव हुआ है और यही कारण है कि ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इस घटना के बाद नगर पालिका की भी आंखें खुल गईं हैं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

दूसरी ओर एसपी (क्राइम) डॉ. जगदीश चंद्रा के अनुसार आरोपी को गिरफतार कर लिया गया है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित