लखनऊ , फरवरी 04 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तरप्रदेश में पुरुषों में होने वाले लगभग 54 प्रतिशत कैंसर का कारण नशा है तो हर नशे के खिलाफ सरकार को अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों की अगुवाई उन भरोसेमंद लोगों से कराई जानी चाहिए, जो न केवल सार्वजनिक रूप से बल्कि निजी जीवन में भी किसी भी तरह के नशे से दूर रहकर ईमानदारी से सफल हुए हों और जिनके परिवार खुशहाल हों। ऐसे वास्तविक उदाहरण समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहने का संकल्प लेगी।

बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने जोर देते हुए कहा कि कैंसर से लड़ने से बेहतर है उससे बचाव किया जाए। समय रहते जांच और इलाज से कैंसर को हराया जा सकता है। जिन कैंसरों के लिए चिकित्सकीय रूप से सिद्ध टीकाकरण उपलब्ध है, उसे अपनाया जाना चाहिए और सरकार को यह टीकाकरण मुफ्त उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने तम्बाकू को कैंसर का सबसे बड़ा कारण बताते हुए इससे पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित