शिमला , जनवरी 28 -- हिमाचल प्रदेश के भरमौर क्षेत्र में आधी रात के बाद ग्लेशियर धंसने से उत्पन्न भीषण हिमस्खलन ने भारी तबाही मचाई और लाहौल-स्पीति जिले के बड़ा हिस्सा सड़क संपर्क से पूरी तरह कट गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक भरमौर की पुलन पंचायत के अंतर्गत ऑट नाला में मंगलवार देर रात एक विशाल ग्लेशियर ढह गया, जिससे अचानक हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से पिक-अप वाहन बहकर गहरी खाई में चले गए, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसके अलावा स्थानीय निवासी घडलो देवी की तीन दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
पंचायत प्रधान अनीता कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्वयं हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर जा रही हैं, जबकि प्रशासन और पुलिस की टीमें तलाश एवं राहत कार्य में जुट गई हैं। ग्रामीणों ने इस हिमस्खलन को पिछले पांच दशकों में क्षेत्र की सबसे बड़ी घटना बताया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार रात दो फीट से अधिक हिमपात हुआ था , जबकि उससे कुछ दिन पहले ही तीन से चार फीट तक बर्फ गिर चुकी थी।
इस बीच पड़ोसी लाहौल-स्पीति जिले की दैनिक आपदा प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार लोक निर्माण विभाग की 275 सड़कें विभिन्न उपमंडलों में अवरुद्ध हैं। महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग खंड-ग्रांफू से लोसर (एनएच-505) और दारचा से सरचू (एनएच-03)-अब भी 2025 के अंत में जारी शीतकालीन बंद आदेशों के तहत बंद हैं। अन्य प्रमुख मार्गों में कोकसर-रोहतांग पास और ग्रांफू-बातल सड़कें पूरी तरह बंद हैं। केवल कुछ हिस्से, जैसे एटीआर नॉर्थ पोर्टल से दारचा और सुमदो से लोसर बेहद जोखिमपूर्ण स्थिति में खुले हैं, वह भी केवल स्नो-चेन लगे 4x4 वाहनों के लिए।
रिपोर्ट में सभी क्षेत्रों में बादल छाए रहने की बात कही गई है, हालांकि भरमौर के विपरीत लाहौल-स्पीति में जलापूर्ति या बिजली ट्रांसफॉर्मरों में किसी तरह की बाधा की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित