भरतपुर , जनवरी 23 -- पूर्वी राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को भरतपुर संभाग के पांचों जिलों में आसमान में घने बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।

शुक्रवार सुबह अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट एवं ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने से लोगों को हल्की ठिठुरन का सामना करना पड़ा। साथ ही इससे लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई। लोग छाते और रेनकोट का सहारा लेते नजर आये, वहीं बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही बेहद कम दिखाई दी।

आसमान में घने काले बादलों से दिन में ही अंधेरा छा गया। सड़कों पर वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। इस मावठ से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्हें मावठ से काफी फायदा होने की उम्मीद है। विशेषकर गेहूं की फसल के लिए यह बारिश खाद का काम करती है और फसल को मजबूती प्रदान करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित