जयपुर , फरवरी 06 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को भरतपुर में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) मुख्यालय धीरेन्द्र श्रीवास्तव एवं राकेश कुमार गुप्ता कनिष्ठ अभियंता कुम्हेर ब्लॉक (संविदा कर्मी) कार्यालय एडीपीसी समग्र शिक्षा को एक मामले में 23 हजार 400 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भरतपुर को परिवादी ने शिकायत की कि परिवादी द्वारा किये गये कार्यों के संदर्भ में जमा सुरक्षा जमा राशि देने की एवज में कनिष्ठ अभियंता धीरेन्द्र श्रीवास्तव और कनिष्ठ अभियंता राकेश कुमार गुप्ता द्वारा उससे 7.1 प्रतिशत के हिसाब से 23 हजार 400 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसस पर एसीबी उपमहानिरीक्षक डॉ रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी धीरेन्द्र श्रीवास्तव और राकेश कुमार गुप्ता को 23 हजार 400 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडा गया।
एसीबी के पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित