भरतपुर , फरवरी 13 -- राजस्थान के भरतपुर में सरस ब्रांड के नाम पर नकली घी बेचने के एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और सरस डेयरी (भरतपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ) के संयुक्त दल ने सारस चौराहा स्थित श्री जी सुपर मार्केट मॉल से नकली घी के पैकेट बरामद किये हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया सरस डेयरी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजेश नारायण को सूचना मिली थी कि मॉल में सरस के नाम से नकली घी बेचा जा रहा है। इसकी पुष्टि के लिए डेयरी की ओर से एक व्यक्ति को भेजकर मॉल से घी का पैकेट मंगवाया गया। उस पैकेट की जब असली सरस घी से तुलना की गयी, तो अंतर सामने आया और नकली होने की पुष्टि हुई।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गयी। खाद्य विभाग और सरस डेयरी के दल ने संयुक्त रूप से मॉल पर छापा मारकर एक-एक किलोग्राम के 20 और 500-500 ग्राम के छह पैकेट बरामद किये। फिलहाल इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित