भरतपुर , मार्च 16 -- राजस्थान में भरतपुर में आगरा जयपुर रेलमार्ग पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा भरतपुर के पपरेरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार से गाड़ी संख्या 54355 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन के शुरू किए गए प्रयोगात्मक ठहराव से लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 मार्च से प्रभावी ट्रेन के ठहराव बाद सोमवार को जब ट्रेन जैसे ही पपरेरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। पैसेंजर ट्रेन के पपरेरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव की खुशी मैं ग्रामवासियों द्वारा लोको पायलट का बड़ी धूमधाम से माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

लंबे समय से क्षेत्र के यात्रियों द्वारा इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी। रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन के इस ठहराव से पपरेरा और आसपास के गांवों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूर के स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित