भदोही , फरवरी 3 -- उत्तर प्रदेश के भदोही सहित पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आसमान में घने बादलों के बीच बूंदाबांदी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे ठंड और गलन बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. सर्वेश बरनवाल के अनुसार पंजाब क्षेत्र में सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। तेज हवाओं और बादलों का प्रभाव भदोही समेत पूर्वांचल में साफ देखा जा रहा है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार हैं, जबकि 5 और 9 फरवरी के आसपास फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा और कोहरे की स्थिति बन सकती है।

उन्होंने बताया कि कोहरा छंटने के बाद धूप निकलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। हवा की रफ्तार सामान्य होकर पश्चिम दिशा से करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। मंगलवार को भदोही में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित