भदोही , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों से आभूषण खरीदकर फर्जी पेमेंट एप्स के माध्यम से भुगतान दिखाकर ज्वेलरी लेकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने रविवार को बताया कि गोपीगंज नगर की दो आभूषण दुकानों से ठगों ने सोने व चांदी के आभूषण खरीदे और फर्जी एप से भुगतान दिखाकर ज्वेलरी लेकर चले गए थे। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायियों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।

जांच के दौरान गोपीगंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ज्योतिष दुबे (26) निवासी नंदिनी, थाना विंध्याचल, जनपद मिर्जापुर तथा अजीत कुमार सिंह (24) निवासी मुल्हवां, थाना पड़री, जनपद मिर्जापुर को कस्बा गोपीगंज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण खरीदने वाले स्वर्ण व्यापारी पवन सेठ (38) निवासी ग्राम अर्जुनपुर, थाना विंध्याचल, जनपद मिर्जापुर को भी उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.81 ग्राम सोने का रवा, 176.08 ग्राम चांदी की सिल्ली तथा 3000 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले से जुड़े दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित