भदोही , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक किशोर ने बंद कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के भांडा गांव निवासी रमेश गौतम के पुत्र अमन (16) ने घर के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। अमन कक्षा नौ का छात्र था। परिजनों के अनुसार शाम करीब पांच बजे जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो घरवालों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां अमन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
उन्होने बताया कि अमन परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित