भदोही , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार अर्धरात्रि के करीब एक बुजुर्ग आग में गंभीर रुप से झुलस गया। पीड़ित की पत्नी ने पति के भाई व भतीजे पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोढ़ पुलिस चौकी के मकनपुर गांव में बीती रात सोते समय राजबली यादव (55) पर उनके ही सगे भाई व भतीजे ने मिलकर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया जिससे वह बुरी तरह से झुलस गए। पीड़ित की पत्नी से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि मकनपुर गांव निवासी राजबली यादव का उनके सगे भाई राजपति यादव से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका है। वाद-विवाद के बीच राजबली यादव द्वारा कोतवाली व पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर खुद की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। हालांकि पुलिस ने कार्यवाही करने की बजाय जांच की औपचारिकता पूरी कर मामले को रफा-दफा कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित