भदोही , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के बीच एक तीन वर्षीय बच्ची की कुएं में फेंके जाने से मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के सोनघड़ी गांव में गुरुवार को यह घटना सामने आई। आरोप है कि रिश्ते में चचेरे चाचा लगने वाले रंजीत उर्फ नन्हे ने आंचल (3) पुत्री राजू बिंद को कुएं में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से बच्ची को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष सुरियावां मनीष कुमार द्विवेदी तथा क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित