भोपाल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में डायल-112 सेवा के जवानों ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ 8 वर्षीय बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार 18 मार्च को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि मंडीदीप थाना क्षेत्र की आकांक्षा कॉलोनी में एक बालिका अकेली भटकती हुई मिली है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरव्ही टीम को मौके पर भेजा गया।
मौके पर पहुंचकर प्रधान आरक्षक महेश कुमार टेकाम एवं पायलट सौरभ ने बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बालिका अपने परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ थी, जिसके चलते टीम ने आसपास पूछताछ कर परिजनों की तलाश की, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिली।
इसके बाद बालिका को सुरक्षित थाना मंडीदीप लाया गया। कुछ समय बाद परिजन बालिका को खोजते हुए थाने पहुंचे, जहां आवश्यक पहचान और सत्यापन के बाद उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार डायल-112 जवानों की इस त्वरित कार्रवाई से एक असहाय बालिका को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित