जयपुर , मार्च 17 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किये जा रहे कार्यक्रमों के तहत उद्योगपतियों के साथ बुधवार को संवाद करेंगे और इस दौरान तीन नयी नीतियों का अनावरण, विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र, भूमि आवंटन पत्र सहित अन्य सौगातें भी देंगे।
कार्यक्रमों के तहत उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा बुधवार को उद्यमी संवाद समारोह का आयोजन किया जाएगा और श्री शर्मा उसमें ये सौगातें देंगे। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस और राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी का अनावरण करेंगे। इसके अलावा रीको आद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े 119 करोड़ रुपये लागत के 40 कार्यों का लोकार्पण और 226 करोड़ रुपये के 46 कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
श्री शर्मा एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण के चेक सौपेंगे। साथ ही, एमएसएमई नीति, निर्यात प्रोत्साहन नीति, आरएफसी की युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देंगे। इस अवसर पर रीको के ऋण के स्वीकृति पत्र, जोधपुर-पाली-मारवाड़ और बूढ़ी बावल औद्योगिक क्षेत्रों के आरक्षण पत्र सहित लीज डीड और अलॉटमेंट लेटर भी प्रदान किए जाएंगे। वहीं, सीएसआर के तहत एसएमएस हॉस्पिटल और 'अपना घर' को डमी चेक भी दिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित