जयपुर , मार्च 04 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यहां प्रदेशवासियों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली महोत्सव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में आए लोगों के फूलों और प्राकृतिक रंगों के साथ होली खेली। श्री शर्मा ने सपत्नीक आमजन को गुलाल लगाया और फूलों की वर्षा कर पूरी आत्मीयता के साथ सभी का अभिनन्दन किया।
इस दौरान प्रदेशभर की संस्कृति एक छत के नीचे नजर आई, जब ब्रज से लेकर शेखावाटी तक की होली के विभिन्न रूप देखने को मिले। ब्रज से आए भारतीय कला संस्थान के कलाकारों एवं भजन मंडली ने गायन और नृत्य के साथ समां बांधा वहीं शेखावाटी के फतेहपुर की गो वत्स फाग मंडली के कलाकारों ने चंग के साथ धमाल मचाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी कलाकारों के बीच जाकर फाल्गुन के गीतों में साथ निभाया।
इस दौरान बच्चे, वृद्ध, महिला एवं जवान सभी में मुख्यमंत्री के साथ होली खेलने को लेकर अलग ही उत्साह नजर आया। किसी ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाने के साथ साफा और दुपट्टा पहनाया तो किसी ने अपने हाथों से बनाई पिचकारी एवं गुलाल गोटा भेंट किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों के इस त्योहार पर सभी को कटुता भुलाकर खुशियों के साथ जीवन बिताने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कुलदीप धनखड़, गोपाल शर्मा तथा अन्य सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जैसलमेर से धौलपुर और हनुमानगढ़ से बांसवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित