जयपुर , मार्च 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को श्री गोविंददेवजी की महाआरती में शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए कामना की।
श्री शर्मा सपत्नीक आरती में शामिल हुए पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। इस दौरान श्री गोविंददेवजी मंदिर के महंत ने मुख्यमंत्री को दुपट्टा ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान आस्था, परंपरा एवं संस्कृति के इस अनूठे संगम से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक गोपाल शर्मा एवं बालमुकुंदाचार्य तथा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा की पहल पर गत वर्ष से राजस्थान दिवस अंग्रेजी कलैण्डर के स्थान पर भारतीय पंचाग की तिथि नव संवत चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाने का निर्णय किया गया। राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष भी प्रदेशभर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ भव्य रूप में राजस्थान दिवस मनाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित