जयपुर , मार्च 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को नवरात्र के अवसर पर जयपुर जिले में जोबनेर स्थित ज्वाला माता मंदिर और सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए कामना की।

ज्वाला माता मंदिर में पुजारियों द्वारा श्री शर्मा को आशीर्वाद स्वरूप माता की चुनरी ओढ़ाई गई तथा मंदिर ट्रस्ट द्वारा साफा पहनाकर और माता की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया वहीं मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नौ देवी का स्वरूप बनी कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने माता के दरबार में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की एवं हवन में आहुति भी दी। इस दौरान श्री शर्मा मंदिर में आए श्रद्धालुओं से भी मिले। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आमजन में उत्साह नजर आया।

जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री ने दहमीकलां स्थित श्री खेड़पति बालाजी मंदिर में भी दर्शन किए जहां पुजारी ने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री का आमजन ने जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। झोटवाड़ा में स्थानीय लोगों एवं हाथोज में विधायक बालमुकुन्दाचार्य ने श्री शर्मा को फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद धानक्या मोड़ पर किसानों ने मुख्यमंत्री को गेंहू की बालियां भेंट की तथा कालवाड़ में आमजन ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के लिए आभार जताया। श्री शर्मा ने बस्सी नागा स्थित बजरंग गोशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा की तथा जोबनेर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में श्री कर्ण नरेन्द्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। यहां छात्राओं ने संवाद के दौरान मुख्यमंत्री से आशीर्वाद प्राप्त किया एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। तत्पश्चात जोबनेर में लोगों ने मुख्यमंत्री को तलवार भेंट कर स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित