जयपुर , मार्च 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर-किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 के 89.785 किलोमीटर लंबे खंड के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ छह लेन उन्नयन की स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

श्री शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि जयपुर- किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के 89.785 किमी लंबे खंड के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ छह-लेन उन्नयन की स्वीकृति मिली है, जिसमें फ्लाईओवर एवं सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। इससे यात्रा समय आधा रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन सरकार की शक्ति का प्रमाण है, जो राजस्थान की जनता को निरंतर सौगात दे रही है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए श्री मोदी और श्री गडकरी का हृदय से आभार, जिनके अथक प्रयासों से 'नये राजस्थान' की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित