जयपुर , मार्च 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से प्रदेशव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत की।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में श्रमदान कर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को पीपीई किट का वितरण किया। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत प्रतिकात्मक चैक भी सौंपे।

श्री शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों को स्वच्छता के लिए नागरिक कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामनिवास बाग में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर सांसद मदन राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एवं आमजन मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस का आयोजन होगा। इसी क्रम में 14 मार्च से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित