जयपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को यहां नियमित जनसुनवाई कर जनता की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता से निस्तारण करने, उसके बाद उस पर कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा समाधान में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिये।

श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन कर रही है, ताकि अंतिम छोर के व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण राहत दी जा सके। हमारी नीतियों और नीयत के केन्द्र में लोक कल्याण ही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसेवा की भावना के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनका मौके पर ही निस्तारण किया। जनसुनवाई के दौरान महिलायें, युवा, दिव्यांगजन, वृद्धजन सहित सभी परिवादी अपनी समस्याओं के मौके पर ही समाधान से संतुष्ट नजर आये।

इस दौरान श्री शर्मा ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टर विमोचन भी किये। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में संबंधित जनप्रतिनिधि और आमजन भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित