बैतूल , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में भगवा ध्वज जलाए जाने की घटना को लेकर हिंदू समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

इस घटना के विरोध में कल सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि शहर के टैगोर वार्ड, जवाहर वार्ड, गणेश वार्ड, जयप्रकाश वार्ड और विकास वार्ड में हिंदू समाज द्वारा धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत भगवा ध्वज लगाए गए थे। 9 और 10 जनवरी की दरमियानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन ध्वजों को हटाकर जला दिया। इस कृत्य से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

सकल हिंदू समाज ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं। संगठन ने मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित