पटना , मार्च 31 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि भगवान महावीर के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक (महावीर जयंती) के अवसर पर आज यहां भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने पटना जैन श्वेताम्बर श्री संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच उपस्थित होकर उनसे आत्मीय संवाद किया तथा महावीर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से शांति, सेवा और संस्कारों का वाहक रहा है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और त्याग ही समाज को सही दिशा देते हैं।

श्री सरावगी ने कहा कि भगवान महावीर द्वारा प्रतिपादित सत्य, अहिंसा और त्याग के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पहले थे। उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, संवेदनशील और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित