जयपुर , नवंबर 10 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रदेश भर में 15 नवंबर तक जनजागरण अभियान शुरू किया है।
भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मिथिलेश गौतम ने सोमवार को यहां प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि भाजपा हमेशा से राष्ट्रनायकों और "अननोन हीरोज" को सम्मान देने का कार्य करती आयी है और उसी कड़ी में नौ से 15 नवम्बर तक प्रदेशभर में "जनजागरण अभियान" चलाया गया है, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। तेरह, 14 और 15 नवम्बर को भाजपा जनजाति वर्ग के सैनानियों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान के साथ दीपोत्सव मनाया जायेगा। पन्द्रह नवम्बर को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर डूंगरपुर में विशाल जनजाति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
श्री गौतम ने बताया कि जनजागरण अभियान के तहत टाउन हॉल मीटिंग्स, निबंध प्रतियोगिताएं, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं, भाषण प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न आयोजन आयोजित किये जाएंगे। इनके माध्यम से युवाओं और समाज के सभी वर्गों को बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राजस्थान सरकार जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। भाजपा सरकार ने ही देश में सबसे पहले जनजातीय मंत्रालय की स्थापना की तथा जनजातीय आयोग का गठन किया।
भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नारायण मीणा ने बताया कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजाति समाज के लोगों ने सबसे पहले अपने प्राणों की आहुतियां दी थी लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद बनने वाली सरकारों ने इन स्वतंत्रता सैनानियों के योगदान, इनकी शौर्यगाथाएं, इनकी राष्ट्र प्रेम की भावना, राष्ट्र के प्रति लगाव, त्याग, बलिदान को दरकिनार करते हुए इनको सिर्फ वोटबैंक माना गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनजातीय मंत्रालय के बजट को 247 प्रतिशत बढ़ाने का काम किया। अब बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाजपा जनजाति समाज के लोगों के इस बलिदान को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित