बालोद , नवंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के बालोद में शनिवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद भोजराज नाग एवं अतिथियों द्वारा आदिवासी समाज के देव स्थलों, देवी-देवताओं, भगवान बिरसा मुंडा, छत्तीसगढ़ महतारी एवं शहीद वीर नारायण सिंह की पूजा-अर्चना के साथ की गई।

समारोह में संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा, राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, राज्य बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व विधायक आर.के. राय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।

प्रशासनिक प्रतिनिधियों में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर मधु हर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर और सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग विजय कंवर शाह भी शामिल हुए।

नगर पालिका परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और वंदे मातरम गीत ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी सुना।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम स्थल का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम से करने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित