रांची , नवम्बर 19 -- झारखंड विधानसभा के 25वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर धनबाद से विधायक राज सिन्हा को वर्ष 2025 के लिए "भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार" से सम्मानित किया जाएगा।

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में गठित चयन समिति की बैठक में आज सर्वसम्मति से राज सिन्हा को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

भाजपा विधायक राज सिन्हा को सदन में सक्रिय भूमिका निभाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर पहल करने और क्षेत्र की जनता के प्रति समर्पित सेवा के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। वे लगातार तीसरी बार धनबाद विधानसभा से विधायक चुने गए हैं।

झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस 22 नवंबर को आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा राज सिन्हा को प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो एवं 51,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

साथ ही, विधानसभा के छह उत्कृष्ट कर्मियों को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह कर्मचारी अपने विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और 21,000 रुपये की सम्मान राशि प्राप्त करेंगे। समिति द्वारा उत्कृष्ट कर्मी के रूप में 06 (छः) विधान सभा कर्मियों का भी चयन किया है, जो निम्न प्रकार है: संतोष कुमार सिंह (संयुक्त सचिव), नीलम कुजूर(प्रशाखा पदाधिकारी), मो० शाहिद हैदर(सहायक प्रशाखा पदाधिकारी), राकेश कुमार सिंह(पर्यवेक्षक उद्यान), मन्नु राम(अनुसेवक), रवीन्द्र पाल(अनुसेवक) शामिल हैं।

बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की, जिसमें सदस्य के रूप में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचन्द्र सिंह, नवीन जयसवाल, पत्रकार दीर्घा समिति के संयोजक आनन्द मोहन तथा प्रभारी सचिव-सह-सदस्य सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित