देहरादून , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड ब्राह्मण समाज महासंघ, पंजी. द्वारा भगवान परशुराम का प्राकट्योत्सव रविवार को देहरादून के लाडपुर स्थित काली मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान के साथ गोष्ठी आयोजित कर मनाया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्वान ब्राह्मणों ने स्वस्ति वाचन के उपरांत विधिविधान से धार्मिक अनुष्ठान यज्ञ किया। तत्पश्चात महासंघ अध्यक्ष पंडित रामप्रसाद गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि अजर अमर चिरंजीवी अवतार भगवान श्री परशुराम जी का जीवन अत्याचार व आतताइयो के खिलाफ रहा।

उत्तराखंड विद्वत सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित विजेंद्र प्रसाद मंमगाई ने कहा कि श्री हरि विष्णु के छठे अंशावतार भगवान श्री परशुराम जी अन्याय के विरुद्ध कुठार उठाया। वे किसी जाति विशेष के विरोधी नहीं थे, बल्कि अत्याचार करने वाले राजाओं व उनका समर्थन करने वालों का पृथ्वी से समूल नाश किया। उन्होंने आदिवासियों व वनवासियों को ब्राह्मणत्व की दीक्षा देकर उन्हें ब्राह्मण बनाया।

इस अवसर पर युवक प्रभात पाराशर द्वारा श्री परशुराम जी के जीवन वृत्त पर विस्तृत प्रकाश डाला। अंत में महाआरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। संचालन महासंघ महासचिव डॉ.वी.डी.शर्मा ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित