हरिद्वार , मार्च 22 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोकशी के एक मामले में वांछित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर जमालपुर क्षेत्र में कुछ लोग जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में मांस और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए।

इस मामले में कोतवाली भगवानपुर में उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान इल्ताफ उर्फ भुट्टो के साथ वसीम, आलम, गुलजार और कल्लू के नाम भी सामने आए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से रुड़की क्षेत्र से सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित