सोनीपत , मार्च 26 -- हरियाणा के सोनीपत में एक वीजा कंसल्टेंसी के खिलाफ युवक को ब्रिटेन भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता जयदीप ने बताया कि उनके पुत्र शिवा को मई 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए 'न्यू होराइजन वीजा कंसल्टेंसी' के बारे में जानकारी मिली। कंसल्टेंसी ने ब्रिटेन वीजा दिलाने का भरोसा देकर प्रोसेसिंग फीस, नकद और चेक के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 10.48 लाख रुपये वसूल लिये।
आरोप है कि अगस्त 2025 में बायोमेट्रिक्स के लिए चंडीगढ़ बुलाने के बाद अचानक अपॉइंटमेंट रद्द कर दिया गया। इसके बाद न तो वीजा प्रक्रिया आगे बढ़ी और न ही पैसे लौटाये गये, जबकि कई बार संपर्क करने की कोशिश की गयी।
मुख्यमंत्री को शिकायत मिलने के बाद मुरथल थाना पुलिस ने बीएनएस और आव्रजन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित