नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- भारत और ब्राज़ील ने स्वास्थ्य क्षेत्र में दवाओं और वैक्सीन के उत्पादन में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जतायी है।
ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्री एलेक्ज़ान्द्रे पदिल्हा ने कहा है कि दोनों देशों के सामूहिक प्रयास से दवा और वैक्सीन के उत्पादन में साझेदारी संभव है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के साथ भारत यात्रा पर आये श्री पदिल्हा ने बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। इन दोनों मंत्रियों के बीच हुयी बैठक में कैंसर और ट्रॉपिकल डिज़ीज़ (उष्णकटिबंधीय बीमारियों) से लड़ने वाली दवाओं के संयुक्त उत्पादन पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस अभियान में भारत-ब्राजील की सरकारी संस्थाओं और निजी कंपनियों को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा।
श्री पदिल्हा ने इसी क्रम में पारंपरिक चिकित्सा से जुड़े केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव से भी भेंट की और लोगों को सस्ती एवंव आसान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सहयोग बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और ब्राज़ील दोनों के पास मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था और वैज्ञानिक क्षमता है, इसलिए यह साझेदारी आम लोगों तक दवाइयों की पहुंच बढ़ाएगी और नए शोध को प्रोत्साहन देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित