खरगोन , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की सनावद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ब्राउन शुगर और अन्य सामग्री जब्त की है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि अनाज मंडी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन वर्मा निवासी बड़वाह और मोईन शेख निवासी सनावद के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से 12.65 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि यह मादक पदार्थ रतलाम निवासी आमीन खान उर्फ महाराज से लिया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने रतलाम से आमीन को गिरफ्तार कर उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों के पास से मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित