अलवर , जनवरी 30 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बोलेरो के पलटने से दो लोगोंं की मौत हो गयी जबकि एक युवक घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवेक गुर्जर ने अपने ही समाज की एक लड़की से तीन महीने पहले विवाह किया था। इससे नाराज लड़की पक्ष के सात आठ लोगों ने विवेक गुर्जर को आज दोपहर में मोटर साइकिल पर बुटोली की तरफ जाते देखकर घेर लिया और मारपीट करके उसे जबरन बोलेरो में डालकर ले जाने लगे। इसी दौरान नया गांव माचाड़ी के पास तेज रफ़्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गयी। इससे विवेक गुर्जर सहित तीन लोग घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि घायलों को मालाखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र चौधरी को मृत घोषित कर दिया जबकि रामफूल गुर्जर और विवेक गुर्जर को अलवर भेज दिया। अलवर में रामफूल गुर्जर ने भी दम तोड़ दिया।

सूचना पर मिलने थानाधिकारी राजेश मीना पुलिस बल के साथ चिकित्सालय पहुंचे, जहां घटना की जानकारी ली। वहीं घायल विवेक गुर्जर ने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष वालों ने उससे नगदी और मोबाइल फोन छीन लिया। वे मारपीट करके गाड़ी में अपहरण कर ले जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित