भरतपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान में धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में नैनोकर गांव के पास गुरुवार सुबह विवाह समारोह के दौरान निभायी जा रही रस्मों के बीच सड़क किनारे खड़े महिलाओं और बच्चों को एक अनियंत्रित बोलेरो ने रौंद दिया, जिससे चार महिलायें और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे की निकासी के बाद घर के बाहर महिलाएं पारंपरिक रस्म के तहत दूल्हे को आंचल देने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गति से आयी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी महिलाओं की ओर मुड़ गयी।
पुलिस ने बताया कि बोलेरो की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गये। घायलों में लक्ष्मी (12) मलकपटनी (38), ओमवती (27) और पूनम कुशवाह (12) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके अतिरिक्त दो अन्य महिलाए भी चोटिल हुई हैं, जिन्हें उनके परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद ही चालक बोलेरो सहित फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित