बोकारो , जनवरी 11 -- झारखंड में बोकारो जिले के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम पर हथियारबंद बदमाशों ने लूट की कोशिश की, लेकिन कर्मियों और सुरक्षा गार्ड की फुर्ती से साजिश नाकाम हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि करीब सात बदमाश तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे। अलार्म बजते ही वे फरार हो गए। घटना के समय शोरूम में एक दर्जन ग्राहक मौजूद थे, जो हथियार देखकर सहम गए।
डीएसपी सिटी आलोक रंजन ने बताया, "घटना शाम करीब चार बजे की है। बदमाश डकैती की नियत से शोरूम में घुसे थे, लेकिन स्टाफ को संदेह होने पर अलार्म बजा दिया गया। आरोपी भाग निकले। पुलिस जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
डीएसपी ने बताया कि आरोपियों में दो खाकी वर्दी में थे। शोरूम में घुसते ही उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए सुरक्षा ऑडिट का बहाना बनाया। उन्होंने सीसीटीवी और अन्य व्यवस्थाओं की जांच का हवाला दिया। काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों को उनके व्यवहार से शक हुआ। स्टाफ ने थानेदार से पुष्टि के बाद ही अनुमति देने की बात कही। इसी बीच पांच अन्य बदमाश अंदर घुसने लगे, जिनमें दो मास्क पहने हुए थे। गार्ड द्वारा रोकने पर धक्का-मुक्की हुई, फिर अलार्म बजा।
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ग्राहक ने बताया, "बदमाशों के हथियार निकालते ही हम बुरी तरह डर गए। हाथ ऊपर कर लिए थे। तभी अलार्म बजा और वे भाग खड़े हुए।" पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी के सहारे बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित