बोकारो , फरवरी 01 -- झारखंड के बोकारो जिले के बोकारो सिटी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से लगातार बंद घरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चोर गिरोह का सरगना सहित 4 चोर को गिरफ्तार किया है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने आज यहां बताया कि बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने, मामलों के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
इस टीम ने छापामारी कर गिरोह के सरगना बबलु राम उर्फ भाटिया को बोकारो कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया था। उसे 6 जनवरी 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उसकी निशानदेही पर चोरी का लैपटॉप और चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अन्य आरोपियों की संलिप्तता स्वीकार करते हुए चोरी का सामान नीरज कुमार नायक को बेचने की बात भी कबूली।
इसके बाद पुलिस ने बबलु राम और नीरज कुमार नायक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। दोनों की निशानदेही पर चंद्रपुरा थाना क्षेत्र से साहिल कुमार उर्फ पुग्गा और राजबीर कुमार उर्फ बाबु को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सोने जैसा हार, झुमका, मंगटीका, तीन जोड़ा चांदी जैसी पायल और 28,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
एसपी ने बताया कि बबलु राम के खिलाफ पहले से ही कई थानों में चोरी और लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। उन्होंने कहा कि बोकारो पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित