बोकारो , नवंबर 11 -- झारखंड में बोकारो जिले के बालीडीह थाना पुलिस ने वर्ष 2021 में बॉटलिंग प्लांट से सिलेंडर लदे ट्रक लूटकांड के मुख्य फरार अभियुक्त इरफान अंसारी को चार साल बाद दबोच लिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आरोपी को 10 नवंबर 2025 को रांची जिले के चान्हो इलाके से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी 2021 की रात बालीडीह मोड़ के पास बोलेरो वाहन में सवार करीब आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार के बल पर ट्रक सहित घरेलू गैस सिलेंडर लूट लिए थे।

।इस संबंध में ट्रक चालक चुनमुन कुमार यादव के बयान पर बालीडीह थाना कांड संख्या 65/21, धारा 395 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने लूटी गई ट्रक और सिलेंडर को बरामद करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन इरफान अंसारी करीब चार वर्षों से फरार चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त इरफान, जो पहले चान्हो में गैस एजेंसी चलाता था, ने ही सिलेंडर को खपाने की बात कहकर साथियों को ट्रक लूटने के लिए तैयार किया था। इस घटना में संलिप्त सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है।

इससे पहले इस्तेफाक अंसारी, बसीर अंसारी, आलम अंसारी, इमरान अंसारी, कलीम अंसारी, खुशबुद्धीन अंसारी, आशिफ अंसारी और बाबू ठाकुर को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त इरफान अंसारी (39 वर्ष), पिता स्वर्गीय इसराइल अंसारी, निवासी बाजो टोली, थाना चान्हो, जिला रांची का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में कुडू थाना कांड संख्या 65/20 तथा कसमार थाना कांड संख्या 25/21 में भी लूट और डकैतियों के मामलों में नामजद रहा है।

छापेमारी दल में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, आरक्षी लालदेव मोची, राजेश कुमार पासवान एवं प्रा. चालक जीवा प्रसाद सोरेन शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित