बोकारो , मार्च 26 -- झारखंड में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में बजाज के ऋण वसूली एजेंट से मोटरसाइकल, कैश लूट के मामले मे पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में राम कुमार यादव उर्फ भैरव यादव, प्रियांशु कुमार उर्फ प्रियांशु चौधरी उर्फ पटेरा, रोहित कुमार शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि ये सभी पेशेवर अपराधी थे, जिनके पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। महत्वपूर्ण बात ये रही कि डिजिटल ट्रांजैक्शन से ठगी का खुलासा हुआ। अपराधियों का द्वारा वादी के अकाउंट से पैसे का ट्रांसफर अपने अकाउंट में करना ही इनके पकड़े जाने का कारण बना। अपराधियों के बैंक अकाउंट से ही उनका सारा पता ठिकाना मिल गया और पुलिस उन तक पहुंच गई।

इस बाबत बालीडीह थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते सिटी हेडक्वार्टर डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने बताया कि विगत 25 मार्च की रात्रि में सोनु कुमार, पिता-मनबहादुर सिंह, सा-कुंअर सिंह कॉलोनी, चास, थाना-चास, जिला-बोकारो द्वारा शिकायत किया गया कि वे बजाज फाईनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्य करते हैं।

बुधवार को लोन रिकवरी का कार्य करने के लिए बालीडीह थाना अन्तर्गत कुर्मीडीह क्षेत्र में आये थें। संध्या करीब 06.30 बजे लोन रिकवरी का कार्य करके वापस बोकारो जा रहे थे। जाने के कम में आरपीएफ बैरक के पास एक टीभीएस मोटरसाईकिल से तीन अपराधी आये और इन्हें रोक कर इनके साथ मारपीट करके इनसे इनके पास से पर्स, जिसमें 2000 रू, आधार कार्ड, इनका मोबाईल एवं मोटरसाईकिल नं-जेएच09एवी-2018 छीन लिये तथा धमकी देकर इनसे फोन पे का पासवर्ड भी ले लिया और वहां से भाग गया एवं कुछ समय बाद लुटे गये मोबाईल के माध्यम से 5300/- रू की निकासी भी कर ली गयी थी।

वादी के शिकायत आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना काण्ड सं0-62/26, दि0-25.03.26, धारा-309 (6) बीएनएस दर्ज कर घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना अविलंब पुलिस अधीक्षक बोकारो को दी गई, जिनके द्वारा काण्ड के उदभेदन एवं बरामदगी के लिए पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय, बोकारो के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल के द्वारा मानवीय एवं गुप्त सूचना के आधार पर गुणवता पूर्ण अनुसंधान कर इस काण्ड का उदभेदन महज 12 घण्टे के अंदर करते हुए छीनी गयी मोटरसाईकिल, मोबाईल, नगद 3420/-रू एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल तथा मोबाईल को बरामद करते हुए घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त में भैरव यादव इस काण्ड का मुख्य सरगना है, जिसके विरूद्ध पूर्व से 09 काण्ड दर्ज हैं। गिरपतार अभियुक्तो का पूर्व का अपराधिक इतिहास है तथा पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित