बोकारो , फरवरी 10 -- झारखंड में बोकारो जिले के पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 पेटी शराब जब्त कर इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चास के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने मिर्धा चेकनाका के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पिंडराजोड़ा की ओर से एक सफेद रंग का पिकअप वाहन तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 145 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 750 मिलीलीटर की 12 बोतलें थीं। कुल 1740 बोतलें पाई गईं, जिन पर " एएनपी प्रीमियम व्हिस्की फॉर सेल इन हरियाणा ऑनली'' का स्टीकर लगा हुआ था।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने पिंडराजोड़ा थाना में आयोजित संवादाता सम्मेल में बताया कि जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि शराब खरीदने के लिए करीब ढाई लाख रुपये का भुगतान किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रितेश प्रधान (उम्र 30 वर्ष), पिता इन्द्रजीत प्रधान, ग्राम बागलता, थाना कवाली, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान इस तरह की अवैध गतिविधियों का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जाता है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित