बोकारो , अक्टूबर 4 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की महिला मुखिया सपना अचानक दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना 2 अक्टूबर की दोपहर घर से बाहर निकली थीं, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। अंततः उनके पति ने गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन सपना का ठिकाना अब तक अज्ञात है।
पुलिस ने बताया कि 2022 के पंचायत चुनाव में सपना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुनीता को महज 19 वोटों से पराजित कर अपनी जीत दर्ज कर बोकारो जिले की सबसे कम उम्र की मुखिया बनी थीं। शुरुआत में उनकी पहचान कर्मठ और सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में रही, परंतु अब अचानक गायब हो जाने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित