बोकारो , फरवरी 12 -- झारखंड मे बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के स्वांग वासरी में एक दिहाड़ी मजदूर के हाइवा के नीचे दबने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि हादसे से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय नागेश्वर साहनी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, नागेश्वर बिहार के वैशाली का मूल निवासी था, लेकिन वर्तमान में वन बी शिव मंदिर के समीप रहकर ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
हादसा हाइवा गाड़ी के ब्रेकर के पास घटित हुआ। वह अपने पीछे पत्नी और चार बेटियों को छोड़ गया। इनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका था, जबकि तीसरी बेटी की शादी मई माह में तय थी। मामले में गाड़ी मालिक ने 1.50 लाख रुपये और मैनेजमेंट ने 50 हजार रुपये मुआवजे की सहमति जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्तपरीक्षण के लिए तेनुघाट अस्पताल भेज कर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित